प्रधानमंत्री ने ओडिशा को दी 70 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री ने ओडिशा को दी 70 हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

https://ddnews.gov.in/hi/Prime%20Minister%20gifts%20projects%20worth%20Rs%2070%20thousand%20crore%20to%20Odisha

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हम तभी प्राप्त कर सकते हैं, जब भारत का हर राज्य विकसित बने। इसलिए, बीते वर्षों में हमने ओडिशा को हर सेक्टर में अधिक से अधिक सपोर्ट किया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के संबलपुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान करीब 70,000 करोड़ रुपये की कई बुनियादी ढांचागत परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

नौजवानों के लिए हजारों नए रोजगार के अवसर

प्रधानमंत्री ने इस मौके पर कहा कि केंद्र हर क्षेत्र में ओडिशा का समर्थन कर रहा है। आज जिन विकास कार्यों का उद्घाटन और आधारशिला रखी गई है वे ओडिशा की प्रगति को महत्वपूर्ण बढ़ावा देंगे। ये परियोजनाएं ओडिशा में सुविधाओं के साथ-साथ यहां के नौजवानों के लिए हजारों नए रोजगार के अवसर लाने वाली हैं।

लालकृष्ण आडवाणी को 'भारत रत्न' देने का निर्णय

भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने की घोषणा को लेकर प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश ने अपने एक महान सपूत पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को 'भारत रत्न' देने का निर्णय लिया है। आडवाणी जी का ये सम्मान इस बात का प्रतीक है कि राष्ट्र की सेवा में अपना जीवन खपाने वालों को राष्ट्र कभी भुलाता नहीं है। उन्होंने कहा कि वह सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें आडवाणी का स्नेह और मार्गदर्शन निरंतर मिलता रहा है।

पेट्रोलियम और पेट्रो-केमिकल क्षेत्र में सवा लाख करोड़ रुपए का निवेश

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हम तभी प्राप्त कर सकते हैं, जब भारत का हर राज्य विकसित बने। इसलिए, बीते वर्षों में हमने ओडिशा को हर सेक्टर में अधिक से अधिक सपोर्ट किया है। केंद्र सरकार के प्रयासों से ओडिशा आज पेट्रोलियम और पेट्रो-केमिकल के क्षेत्र में भी नई ऊंचाई प्राप्त कर रहा है। पिछले 10 सालों में ओडिशा में पेट्रोलियम और पेट्रो-केमिकल क्षेत्र में सवा लाख करोड़ रुपए से अधिक का निवेश किया गया है। बीते 10 वर्षों में पहले की तुलना में, रेलवे के विकास के लिए ओडिशा को 12 गुणा ज्यादा बजट दिया गया है। बीते 10 वर्षों में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत ओडिशा के गांवों में करीब 50 हजार किलोमीटर सड़कें बनी हैं। राज्य में 4 हज़ार किलोमीटर से अधिक नए नेशनल हाईवे का निर्माण भी हुआ है।

खनन नीति में बदलाव के बाद ओडिशा की आय में 10 गुना की वृद्धि

पीएम ने कहा कि बीते 10 वर्षों में केंद्र सरकार ने जो नीतियां बनाई हैं, उनका ओडिशा को बहुत अधिक फायदा हुआ है। हमने खनन के क्षेत्र में जो नए Reform किए हैं, ओडिशा उसका बहुत बड़ा लाभार्थी रहा है। खनन नीति में बदलाव के बाद ओडिशा की आय में 10 गुना की वृद्धि हुई है। प्रधानमंत्री ने ओडिशा की जनता को विश्वास दिलाते हुए कहा कि केंद्र सरकार इसी समर्पित भाव से ओडिशा के विकास के लिए काम करती रहेगी।

Report Page